लखीमपुर खीरी। स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने शनिवार को 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान के तहत विशेष जांच अभियान चलाया। एआरटीओ (प्रवर्तन) शांति भूषण पांडे के नेतृत्व में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान स्कूली बच्चों को ले जा रही तीन निजी वैन तथा एक स्कूल के नाम पंजीकृत वाहन में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इन चारों वाहनों को सीज कर बेहजम चौकी एवं संबंधित थानों में खड़ा कराया गया। इसके अलावा छह अन्य वाहनों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई।
एआरटीओ (प्रवर्तन) शांति भूषण पांडे ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने जिले के सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि बच्चों के परिवहन के लिए केवल वैध परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों से युक्त वाहनों का ही उपयोग किया जाए। निजी या बिना वैध दस्तावेज वाले वाहनों से बच्चों का परिवहन कराना नियमों का उल्लंघन है।
एआरटीओ ने चेतावनी दी कि जिन वाहनों के परमिट, फिटनेस या अन्य आवश्यक दस्तावेज वैध नहीं हैं, उन्हें तत्काल पूरा कराया जाए। यदि भविष्य में नियमों की अनदेखी कर बच्चों का परिवहन कराया गया तो संबंधित वाहन स्वामी के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags
UP