लहरपुर: अराइज इंडिया पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन का दिया गया प्रशिक्षण
लहरपुर स्थित अराइज इंडिया पब्लिक स्कूल में आपातकालीन परिस्थितियों से सुरक्षित तरीके से निपटने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को रस्सी के माध्यम से सुरक्षित रूप से नीचे उतरने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण का नेतृत्व पीटीआई चंचल कश्यप, रसायन विज्ञान के अध्यापक सिद्धार्थ मिश्रा तथा सीनियर कोऑर्डिनेटर संस्कार मेहरोत्रा ने किया। वहीं, जीव विज्ञान की अध्यापिका सुष्मिता सिंह सहायक के रूप में उपस्थित रहीं और प्रशिक्षण को सफल बनाने में सहयोग किया।
इस ड्रिल में कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित बचाव से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां एवं तकनीकों को व्यावहारिक रूप से सीखा। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपदा की स्थिति में सतर्क, आत्मविश्वासी और सुरक्षित रहने के लिए तैयार करना है।
