लखीमपुर खीरी। जिले के धौरहरा कस्बे में मंगलवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब गिट्टी से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर गाड़ी रिपेयरिंग की दुकान में जा घुसा। हादसे में दुकान में खड़ी कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा, जबकि दो लोगों को मामूली चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, मेन हाईवे पर स्थित विश्वनाथ पेट्रोल पंप के पास शराब की दुकान के सामने गिट्टी से लदा ट्रक (आरजे11 जीबी 6490) अचानक अनियंत्रित होकर नबी हसन की गाड़ी रिपेयरिंग की दुकान में घुस गया। उस समय दुकान मालिक नबी हसन अपने कर्मचारियों के साथ वाहनों की मरम्मत कर रहे थे।
टक्कर के कारण दुकान में खड़ी कई गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कस्बे के रहने वाले जुगरू और अमीन को हल्की चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई बड़ा जनहानि नहीं हुई।
ट्रक चालक ने बताया कि वाहन का ब्रेक अचानक फेल हो गया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। चालक ने दुर्घटना में हुए नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन भी दिया है।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना मिलने पर संबंधित पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
