स्कूल वाहन में बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ का आरोप, टाटा मैजिक में क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाने का मामला
लखीमपुर खीरी। जिले के खमरिया पंडित कस्बे में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि एक विद्यालय द्वारा बच्चों को लाने-ले जाने के लिए सवारियां ढोने वाली टाटा मैजिक का उपयोग किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन में दोनों ओर सुरक्षा जाली भी नहीं लगी है और उसमें बड़ी संख्या में छोटे बच्चों को बैठाकर विद्यालय पहुंचाया जा रहा है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है।
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले टाटा मैजिक से जुड़े एक बड़े सड़क हादसे के बावजूद इस तरह की व्यवस्था जारी है। लोगों का कहना है कि नियमों की अनदेखी कर बच्चों की जान जोखिम में डाली जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित वाहन की जांच कराने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
