सिंगाही में शीशम के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

 लखीमपुर खीरी। जिले के सिंगाही कस्बे में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब भूल भुलैया मार्ग पर स्थित एक गन्ने के खेत की मेड़ पर लगे शीशम के पेड़ से एक युवक का शव लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान सिंगाही कस्बे के वार्ड संख्या-1 निवासी राजकुमार उर्फ छोटू पुत्र परमेश्वर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राजकुमार सोमवार से लापता था, जिसकी तलाश की जा रही थी।

मंगलवार, 7 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3:00 बजे मामले की जानकारी देते हुए सिंगाही थाना प्रभारी दिलीप चौबे ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post