फतेहपुर। जिले के औंग थाना क्षेत्र के परसदेपुर गांव में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी द्वारा पति के साथ मारपीट और करंट लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात हलवाई संजीव तिवारी नशे की हालत में घर पहुंचे, जिसके बाद उनकी पत्नी रन्नो देवी से विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में पत्नी ने संजीव तिवारी को चारपाई से बांध दिया, उनके साथ मारपीट की और करंट लगाकर घायल कर दिया। डंडे से हमले में उनके सिर पर भी गंभीर चोट आई।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने किसी तरह संजीव तिवारी को बचाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
घायल संजीव तिवारी को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने रन्नो देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।