बरेली। जिले के सेटेलाइट बस अड्डे पर फल के ठेले के नीचे मिला दो माह का मासूम 24 घंटे के भीतर अपने माता-पिता से मिल गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर बच्चे के परिजनों का पता लगाया।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि हरदोई के माधौगंज निवासी स्वाति वाजपेयी और ओमप्रकाश मिश्रा बच्चे को बस अड्डे पर छोड़कर गए थे। पूछताछ के दौरान दंपती ने बच्चे की पहचान करते हुए बताया कि उनका बेटा गंभीर बीमारी से पीड़ित है और उसे दौरे पड़ते हैं।
दंपती ने पुलिस को बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वे बच्चे का इलाज कराने में असमर्थ थे, जिसके चलते उसे बस अड्डे पर छोड़ दिया था।
मामले की जानकारी मिलने पर चौकी प्रभारी मयंक भारद्वाज ने बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराकर उसका उपचार कराया। उपचार के बाद बच्चे को चाइल्डलाइन के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।